बंगाल अपने संसाधन जुटाने में लगातार कर रहा है प्रगति-ममता
06-Apr-2025 10:30 PM 4465
कोलकाता 06 अप्रैल (संवाददाता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि प्रदेश अपने संसाधन जुटाने में लगातार प्रगति कर रहा है जो वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में संकलित राजकोषीय परिणामों से स्पष्ट है। सुश्री बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया पर कहा '2024-25 में जीएसटी में हमने पिछले वर्ष की तुलना में 4,808 करोड़ रुपये अधिक एकत्र किए हैं जो 11.43 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। यह राष्ट्रीय स्तर (9.44 प्रतिशत) से दो प्रतिशत अधिक है और हमारी बढ़ती आंतरिक वित्तीय ताकत का प्रदर्शन है।' उन्होंने आगे कहा, 'यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि पश्चिम बंगाल अपने स्वयं के संसाधन जुटाने के प्रयासों में लगातार प्रगति कर रहा है जो वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में संकलित वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है।' पंजीकरण और स्टांप शुल्क में पंजीकृत कार्यों की संख्या में 60,000 की वृद्धि हुई है जो राज्य के बाजार की गतिशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, '2024-25 में संग्रह पिछले वर्ष की तुलना में 1,908 करोड़ रुपये अधिक रहा है जो 31.05 प्रतिशत की वृद्धि है।' मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह सब दिखाता है कि 'हम आत्मनिर्भरता और राजकोषीय अनुशासन में विश्वास करते हैं और हमारा प्रशासन बंगाल के लोगों के कल्याण के लिए राज्य के वित्त को सुव्यवस्थित करने के लिए गंभीर है।' सुश्री बनर्जी ने वित्त विभाग और राज्य के साथ सहयोग करने वाले सभी लोगों को भी बधाई दी एवं कहा 'हमें मजबूती से आगे बढ़ने में मदद करें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^