मां का जिक्र आने पर नायडू की आंखों से झलके आंसू
08-Aug-2022 07:05 PM 63778
नयी दिल्ली, 08 अगस्त (AGENCY) राज्य सभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू की आंखों से सोमवार को अपने विदाई समारोह के दौरान उस समय आंखों से आंसू झलक गये जब तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ बाय्रन ने एक दुर्घटना का जिक्र किया जिसमें श्री नायडू की मां की मृत्यु हो गयी थी। राज्य सभा में श्री नायडू के विदाई समारोह के दौरान श्री ब्रायन ने एक कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि संयुक्त आंध्र प्रदेश में एक समय में किसान परिवारों की संपन्नता बैलों की जोड़ी से मापी जाती थी। किसी के घर में एक जोड़ी बैल होते थे, किसी के घर में दो, तो किसी के घर छह-सात जोड़ी बैल भी होते थे, जिसके घर में जितने जोड़ी बैल होते थे, वह परिवार उतना ही अमीर होता था। ऐसे ही एक परिवार के पास केवल एक जोड़ी बैल थे। एक दिन बैलों की जोड़ी में से एक बैल एक महिला के पीछे दौड़ पड़ा। महिला की गोद में एक वर्ष का एक बच्चा भी था। बैल ने इस महिला को सींग मारकर गिरा दिया और घायल कर दिया। बच्चा गोद से गिर गया। इस महिला को बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गयी। श्री ब्रायन ने कहा, “ सर, यह आपकी कहानी है। वह महिला आप की मां थी और वह बच्चा आप थे।” इस दौरान सदन में पूरी तरह से शांति छायी रही। कहानी सुनने के बाद श्री नायडू की आंखों में आंसू झलक आये। उन्होंने अपना चश्मा उतारा और अपने रुमाल से आंसू पोंछे। इसके बाद श्री ब्रायन ने अपना वक्तव्य पूरा किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^